लहार तहसील के अंतर्गत आने वाले शासकीय माध्यमिक विद्यालय चोरई में तैनात शिक्षिका आशा यादव के कार्यकाल के पूरा होने पर बुधवार को संकुल केंद्र हायर सेकेंडरी स्कूल असवार में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रद्धा त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं।

कार्यक्रम में अतिथियों की रही गरिमामयी मौजूदगी

समारोह की अध्यक्षता सियाशरण गुप्ता द्वारा की गई। इसके अलावा कार्यक्रम में जे.पी. बघेल और पूर्व बीआरसी शैलेंद्र कुशवाह विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ की गई।

इस दौरान स्कूल के समस्त स्टाफ और मौजूद अतिथियों ने शिक्षिका आशा यादव को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में विद्यालय के प्रति उनके समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों की जमकर प्रशंसा की गई।

शिक्षक समाज को दिखाता है सही दिशा

मुख्य अतिथि सरपंच श्रद्धा त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में शिक्षक का स्थान और जीवन में शिक्षा का महत्व सबसे ऊपर है। एक शिक्षक ही समाज को सही मार्ग पर अग्रसर करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षक परंपराओं का निर्वहन करते हुए आने वाली पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और संस्कार प्रदान करेंगे।

संकुल प्राचार्य एच.एन. दीक्षित ने शिक्षिका आशा यादव की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें अत्यंत परिश्रमी बताया और कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान विद्यालय का परीक्षा परिणाम हमेशा बेहतरीन रहा। प्राचार्य ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सिर्फ नौकरी से सेवानिवृत्त हुई हूं, जिम्मेदारी से नहीं

विदाई समारोह के दौरान भावुक हुईं शिक्षिका आशा यादव ने कहा कि वे केवल शासकीय सेवा से रिटायर हो रही हैं, बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारी से नहीं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे भविष्य में भी समय-समय पर विद्यालय आकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करती रहेंगी।

उन्होंने अंत में कहा कि उन्होंने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय इस विद्यालय को दिया है और यहां से उन्हें अपार अनुभव व स्नेह प्राप्त हुआ है।