भिंड जिले के लहार क्षेत्र में खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन और उत्खनन के खिलाफ स्थानीय प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में गुरुवार शाम को प्रशासन और पुलिस विभाग की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर औचक कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेजों के दौड़ रहे वाहनों को पकड़ा है।
महाराणा प्रताप चौराहे के पास पकड़ाया ओवरलोड डंपर
गुरुवार शाम को लहार एसडीएम महेंद्र सिंह सौजन्या ने क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान महाराणा प्रताप चौराहे के पास एक संदिग्ध डंपर को रोककर उसकी जांच की। उत्तर प्रदेश के पंजीकरण नंबर (UP93-BT8851) वाले इस वाहन में गिट्टी भरी हुई थी। जांच के दौरान चालक गिट्टी से संबंधित कोई भी वैध रॉयल्टी या अन्य कागजात पेश नहीं कर सका।
मौके पर वाहन ओवरलोड भी पाया गया, जिसके बाद एसडीएम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गिट्टी से भरे इस डंपर को अपने कब्जे में ले लिया। प्रशासनिक अमले की मदद से इसे सुरक्षित रूप से लहार थाना परिसर में खड़ा करवा दिया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।
असवार थाना क्षेत्र में दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भी दबोचे गए
एक अन्य कार्रवाई में असवार थाना पुलिस ने भी अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। थाने के नवागत थाना प्रभारी देवीदीन अनुरागी ने देर शाम असवार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान लिलवारी गांव की तरफ से आ रहे दो संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोककर पूछताछ की गई।
जांच में सामने आया कि स्वराज 855 और सोनालीका DI 750 मॉडल के इन दोनों ट्रैक्टरों में अवैध रूप से रेत भरकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया और उन्हें असवार थाने लाकर खड़ा कर दिया है। पुलिस द्वारा इन वाहनों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने दी चेतावनी, अभियान रहेगा जारी
स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में खनिज संपदा के अवैध उत्खनन और बिना रॉयल्टी के ओवरलोड परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!