ग्वालियर-चंबल संभाग के भिंड जिले में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां शातिर ठगों ने मोबाइल अपडेट करने का झांसा देकर एक नागरिक को अपना शिकार बनाया। पीड़ित के बैंक खाते से करीब 99 हजार रुपए की रकम अचानक गायब हो गई, जिससे हड़कंप मच गया है।
व्हाट्सऐप ग्रुप पर आई थी संदिग्ध लिंक
कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके एक व्हाट्सऐप ग्रुप पर मोबाइल को अपडेट करने से जुड़ी एक लिंक आई थी। बिना किसी शक के उन्होंने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, उनका स्मार्टफोन तुरंत हैक हो गया और कुछ ही पलों में अपने आप बंद हो गया।
फोन ऑन होते ही चला, खाते से कटे पैसे
कुछ देर बीतने के बाद जब मोबाइल दोबारा चालू हुआ, तो पीड़ित को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ। उन्होंने तुरंत अपने बैंक खाते की जानकारी चेक की, तो उनके होश उड़ गए। खाते से 99 हजार रुपए की बड़ी रकम निकाली जा चुकी थी।
घटना की गंभीरता को समझते हुए पीड़ित युवक ने बिना देर किए सीधे कोतवाली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
ट्रांजेक्शन डिटेल खंगाल रही पुलिस
कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने जानकारी दी है कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हो चुकी है और प्राथमिक जांच के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस उन बैंक खातों और ट्रांजेक्शन ट्रेल का पता लगा रही है, जहां यह ठगी गई रकम ट्रांसफर की गई है।
साइबर एक्सपर्ट्स और पुलिस की सलाह है कि किसी भी अनजान नंबर या सोशल मीडिया ग्रुप पर मिलने वाली अनजान लिंक पर क्लिक करने से पूरी तरह बचना चाहिए।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!