ग्वालियर-चंबल अंचल के भिंड जिले में सोमवार देर रात करीब एक बजे दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। नेशनल हाईवे-719 पर गोहद थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक तेज रफ्तार पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। इस भयानक टक्कर में मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

ग्वालियर से यूपी लौट रहे थे मजदूर

हादसे का शिकार हुए वाहन में कुल 29 मजदूर सवार थे, जो अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। घायल मजदूर नंदलाल ने जानकारी दी कि ये सभी लोग ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई का काम खत्म करने के बाद अपने घर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोगों को गंभीर चोटें आईं।

सड़क पर बैठी गायों को बचाने में हुआ हादसा

गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव के अनुसार, हादसे के वक्त पिकअप की गति करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी। छीमका गांव के पास हाईवे पर अचानक कुछ मवेशी आ गए। सड़क पर बैठी गायों को बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने गाड़ी मोड़ी, जिससे वह नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। मृतकों में से पांच शव गोहद और तीन शव ग्वालियर में रखे गए हैं, जिनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।

यातायात हुआ प्रभावित, पुलिस ने संभाली स्थिति

इस भीषण दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात भी बाधित हो गया। पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और आवागमन को सुचारू रूप से चालू कराया। इस हादसे ने एक बार फिर रात के समय हाईवे पर मवेशियों के बैठने से होने वाले बड़े खतरों को उजागर कर दिया है।