ग्वालियर-चंबल संभाग के अंतर्गत भिंड के गोहद क्षेत्र में नेशनल हाईवे-719 पर मजदूरों से भरी पिकअप और ट्रक की भिड़ंत के मामले में एक और बुरी खबर सामने आई है। इस भीषण हादसे में घायल हुए एक अन्य युवक ने ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात हुए इस हादसे में आठ लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि 23 अन्य लोग घायल हुए थे। बुधवार को इलाज के दौरान सर्वेश कुमार पुत्र रामचंद्र (40) की भी मौत हो गई। इसके साथ ही इस सड़क दुर्घटना में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर नौ हो गई है।
पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद सर्वेश का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव बेला तुरसिया, जिला शाहजहांपुर के लिए रवाना किया गया। प्रशासन के मुताबिक, इससे पहले आठ अन्य मृतकों के शव चार एंबुलेंस के जरिए उनके गृहग्रामों के लिए भेजे गए थे, जिनके साथ प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी तैनात रही।
गांव में एक साथ उठीं पांच अर्थियां
उत्तर प्रदेश के बेला तुरसिया गांव में बुधवार दोपहर एक साथ पांच लोगों का अंतिम संस्कार किया गया। एक ही गांव से पांच अर्थियां उठने पर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं और पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया। इसी बीच सर्वेश की मौत की सूचना मिलने पर ग्रामीण और परिजन पूरी तरह स्तब्ध रह गए।
ग्रामीणों के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवारों का गुजर-बसर करते थे। इस हादसे में जान गंवाने वाले सुखदेव और रजनीश सगे भाई थे, जिनकी अर्थी भी एक साथ उठी। परिवार के कमाने वाले सदस्यों के चले जाने से आश्रितों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
विभिन्न जिलों के गांवों में छाया सन्नाटा
इस सड़क दुर्घटना में लखीमपुर खीरी और शाहजहांपुर के अन्य गांवों के रहने वाले मजदूर भी काल के गाल में समा गए। सुभाष (निवासी हरिनारायणपुरा, लखीमपुर खीरी), गुड्डू (निवासी किसुनपुर अजीत, लखीमपुर खीरी) और मदन पाल (निवासी बड़ारू बिजला, शाहजहांपुर) के गांवों में भी गहरा शोक व्यक्त किया जा रहा है।
शवों को लेकर उत्तर प्रदेश गए तहसीलदार रामशंकर शर्मा ने बताया कि मृतक बेहद गरीब परिवारों से ताल्लुक रखते थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पेट पालते थे। गांवों में एक साथ पहुंचे शवों के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!