भिंड जिले की रावतपुरा थाना पुलिस ने कानून व्यवस्था और यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से एक बड़ा अभियान चलाया है। सोमवार को एमपी-यूपी बॉर्डर पर पुलिस बल ने संदिग्ध और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की सघन जांच की।
विभिन्न मामलों में 40 वाहनों पर हुई कार्रवाई
चेकिंग के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की गई। पुलिस ने बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट, बिना नंबर प्लेट और गाड़ियों के कांच पर लगी अवैध काली फिल्म के खिलाफ मोर्चा खोला। इस कार्रवाई की जद में कुल 40 वाहन आए।
विस्तृत आंकड़ों के मुताबिक, पुलिस ने 7 गाड़ियों पर काली फिल्म मिलने पर, 14 वाहनों पर नंबर प्लेट न होने पर और 11 चालकों द्वारा सीटबेल्ट न लगाने पर चालान काटे। मौके पर ही वाहनों से काली फिल्म को उतरवाया गया और कुल 20 हजार 400 रुपये का राजस्व वसूला गया।
रसूखदारों के सिफारिशी फोन भी नहीं आए काम
इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि कार्रवाई से बचने के लिए कई वाहन चालकों ने रसूखदारों के जरिए सिफारिशी फोन भी लगवाए। स्थानीय नेताओं और पुलिस विभाग से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोगों के फोन आने के बावजूद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती।
पुलिस बल की मौजूदगी और सख्त चेतावनी
मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में यातायात नियमों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस पूरी कार्रवाई के दौरान एएसआई मुकेश बाथम, कपिल शर्मा, चरण सिंह, जय भारद्वाज और सूरज कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!