भिंड शहर के कई इलाकों में रविवार को सुबह से ही बिजली गुल रहने के कारण स्थानीय नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उमस और गर्मी के इस दौर में पंखे, कूलर और एसी बंद रहने से लोगों का घरों में बैठना मुश्किल हो गया था। सुबह आठ बजे से दोपहर बारह बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से जनजीवन प्रभावित हुआ।
इटावा रोड से अटेर रोड तक चल रहा है नया लाइन निर्माण कार्य
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, इस4घंटे की कटौती की मुख्य वजह इटावा रोड से अटेर रोड के बीच नई 33 केवी विद्युत लाइन बिछाया जाना है। इटावा रोड पर हाल ही में नया सब स्टेशन तैयार किया गया है, जबकि दूसरी ओर अटेर रोड क्षेत्र में लगातार बिजली की खपत और लोड बढ़ता जा रहा है।
मौजूदा व्यवस्था में पीक आवर के दौरान बार-बार ट्रिपिंग होना, लो-वोल्टेज की समस्या, तारों का गर्म होना और लाइन टूटने जैसी घटनाएं आम हो चली थीं। इन तकनीकी खामियों के कारण मैदानी कर्मचारियों पर फॉल्ट सुधारने का दबाव हमेशा बना रहता था और उपभोक्ताओं को भी बार-बार बिजली गुल होने की पीड़ा झेलनी पड़ती थी।
बिजली कंपनी का दावा: व्यवस्था सुधरने के बाद मिलेगी राहत
इन तमाम समस्याओं से निजात पाने के लिए विद्युत वितरण कंपनी ने सप्लाई सिस्टम को अपग्रेड करने की योजना पर काम शुरू किया है। इसके तहत पहले चरण में इटावा रोड स्थित नए सब स्टेशन की लाइन को अटेर रोड तक जोड़ा जा रहा है, जिससे भविष्य में लोड का सही संतुलन बनाया जा सके।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक मनीष गौतम ने जानकारी दी कि इस नई लाइन के शुरू हो जाने से लोड डिस्ट्रीब्यूशन बेहद आसान हो जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज के संकट से मुक्ति मिलेगी तथा आने वाले दिनों में अन्य सब स्टेशनों तक भी सुचारू रूप से बिजली पहुंचाई जा सकेगी।
हालांकि, रविवार को अचानक हुई इस कटौती के दौरान उपभोक्ता लगातार बिजली दफ्तर के चक्कर काटते और फोन घनघनाते नजर आए। कई नागरिकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी नाराजगी जताई। नवादा क्षेत्र के निवासी पीके भदौरिया समेत कई उपभोक्ताओं ने गर्मी और उमस के बीच बिजली न मिलने की शिकायत अधिकारियों तक पहुंचाई।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!