गोहद में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

भिंड जिले में आगामी त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को गोहद के कटरा मोहल्ला स्थित एक आवासीय परिसर में विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 31 टीन संदिग्ध घी बरामद किया। बाजार में इस कुल जब्त स्टॉक की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए आंकी गई है। विभाग ने घी का नमूना भरकर उसे आगे की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया है।

अजीत जैन के परिसर में चल रहा था कारोबार

खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कटरा मोहल्ले में एक मकान के भीतर खाद्य सामग्री का व्यवसाय किए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए टीम ने अजीत जैन के ठिकाने पर यह कार्रवाई की।

सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि घी में मिलावट है या नहीं। रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मालनपुर की पतंजलि आटा फैक्ट्री से भी सैंपल

गोहद के अलावा विभाग की टीम ने मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र का भी रुख किया। रीना बंसल ने बताया कि मालनपुर स्थित पतंजलि आटा फैक्ट्री से भी आटे का नमूना लिया गया है। इस सैंपल को भी जांच के वास्ते प्रयोगशाला भेजा गया है।

त्योहारी सीजन के चलते खाद्य पदार्थों के भंडारण और बिक्री पर प्रशासनिक स्तर पर कड़ी नजर रखी जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री के निर्माण अथवा बिक्री की सूचना मिले, तो तुरंत विभाग को अवगत कराएं।