नाली का पानी रुकने के बाद सामने आया गड्ढा
भिंड जिले के अंतर्गत आने वाली लहार तहसील के मेहरा गांव में इन दिनों एक अजीबोगरीब घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां ग्रामीण सुनील चौरसिया के मकान का अगला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल है।
मकान मालिक सुनील चौरसिया ने जानकारी दी कि उनके घर के बाहर जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो गई थी। नाली का पानी रुकने के बाद जब वहां से पत्थरों को हटाया गया, तो घर के ठीक नीचे लगभग 20 गुणा 20 फीट आकार का एक विशाल और गहरा गड्ढा दिखाई दिया।
समय रहते सामान निकालने से टला बड़ा हादसा
जब गड्ढा सामने आया और मकान की दीवारों में गहरी दरारें पड़ने लगीं, तो परिवार ने जोखिम न लेते हुए एहतियात के तौर पर घर का सारा सामान सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। इसके कुछ ही घंटों बाद, शाम करीब चार बजे मकान का अगला हिस्सा ढह गया।
सुनील चौरसिया ने बताया कि यह भवन काफी पुराना था और इसके क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण करीब चालीस साल पहले कराया गया था। गनीमत यह रही कि समय रहते लिए गए फैसलों के कारण इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
ग्रामीणों में असमंजस और जांच की मांग
अचानक मकान के नीचे इतनी गहराई का गड्ढा मिलने से पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग इस बात से चिंतित हैं कि आखिर घर के नीचे यह खाली जगह कैसे बनी। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा प्रशासनिक या तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!