कलेक्ट्रेट के बाहर अजाक्स का प्रदर्शन

अशोकनगर में सरकारी कर्मचारियों और विशेषकर शिक्षकों की सुरक्षा का मुद्दा गरमाता जा रहा है। अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) के बैनर तले सोमवार शाम को कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रदर्शन के पश्चात सभी पदाधिकारी और कर्मचारी एक रैली की शक्ल में आगे बढ़े और तहसीलदार आलोक श्रीवास्तव के समक्ष पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशासन के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें हालिया घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई गई।

हालिया मारपीट की घटनाओं का जिक्र

अजाक्स के जिला अध्यक्ष मोहर सिंह अहिरवार ने विरोध प्रदर्शन के दौरान बताया कि पिछले कुछ समय से जिले के विभिन्न विकासखंडों और तहसीलों में सरकारी अमले, खासकर शिक्षकों के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार, धमकी देने और अपमानित करने के मामले बढ़े हैं।

सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य रूप से बमनाई (सोनेरा) विद्यालय के शिक्षक महेश कुमार अहिरवार के साथ हुई गाली-गलौज और मारपीट की घटना का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। संघ ने दो टूक कहा कि इस तरह की घटनाओं से मैदानी स्तर पर काम करने वाले कर्मियों का मनोबल गिर रहा है।

सुरक्षा और अन्य मांगों को लेकर अल्टीमेटम

संघ ने मांग की है कि ऐसे मामलों में फौरन एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए और आरोपियों को कठोर सजा मिलनी बेहद जरूरी है। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में सेवाएं दे रहे अमले की सुरक्षा बढ़ाई जाए और आवश्यकता पड़ने पर उनके स्थानांतरण पर भी विचार किया जाए।

राष्ट्र निर्माताओं की सुरक्षा के अलावा ज्ञापन में छात्रवृत्ति का समय पर वितरण सुनिश्चित करने, आरक्षण रोस्टर नियमों का सख्ती से पालन करने तथा महिला कर्मियों की सुरक्षित पदस्थापना के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कर्मचारियों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।