अशोकनगर जिले के ईसागढ़ कस्बे में 13 अगस्त को राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर स्थानीय राठौर समाज की ओर से एक भव्य चल समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सभी वर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शोभायात्रा में उमड़ी भीड़, गूंजे राष्ट्रवीर के नारे

निकली गई शोभायात्रा में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने भारी संख्या में शिरकत की। पूरे मार्ग में उत्साह और उमंग का माहौल रहा तथा सभी ने राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर के चित्र के समक्ष नमन कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की।

वीरता और स्वाभिमान को किया गया याद

जलूस के दौरान वक्ताओं और समाजजनों ने दुर्गादास राठौर के जीवन के अहम पहलुओं पर प्रकाश डाला। उनकी वीरता, त्याग, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण को याद करते हुए कहा गया कि उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए कर्तव्य और राष्ट्रभक्ति का एक बड़ा स्त्रोत है।

विशिष्ट अतिथियों का हुआ स्वागत

इस आयोजन के सिलसिले में ईसागढ़ पहुंचे समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और अतिथियों का स्वागत किया गया। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ समाजसेवी दादा प्रेमनारायण राठौर, गुना से पवन राठौर, अखिल भारतीय राठौर समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगदीश राठौर व रामजीलाल राठौर, तथा अशोकनगर जिला अध्यक्ष सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल रहे।

भव्य चल समारोह के माध्यम से समाज में एकता, मजबूत संगठन और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। आयोजन को लेकर समाजजनों में जबरदस्त उत्साह था और सभी ने राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर के बताए गए आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया।