अशोकनगर जिले में शिवपुरी के जिला पंचायत सदस्य और उनके बेटे समेत एक अन्य व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़ित पक्ष पर हमला होता दिख रहा है।

प्रतिमा लगाने के विरोध के दौरान हुआ विवाद

महोली गांव के रहने वाले 47 वर्षीय जिला पंचायत सदस्य मनीराम लोधी ने बताया कि वह 14 अगस्त को वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान राजपुर पिछोर के रहने वाले मंगल सिंह लोधी अपने कुछ साथियों के साथ वहां आ गया और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

गाड़ियों से आए हमलावरों ने सड़क पर की मारपीट

विवाद बढ़ने की आशंका को भांपते हुए मनीराम लोधी और उनके साथी वहां से निकलकर पैदल ही कुछ दूर आगे चले गए। आरोप है कि इसके बाद मंगल सिंह अपने 15 से 20 साथियों के साथ तीन-चार गाड़ियों में सवार होकर वहां आ गया और उन पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने सड़क किनारे उन्हें घेरकर लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटा।

इस हमले में जिला पंचायत सदस्य मनीराम लोधी, उनके बेटे सुरेंद्र लोधी और साथ मौजूद साहिल गंभीर रूप से घायल हो गए। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से हमलावरों ने सुरेंद्र लोधी को जमीन पर गिराकर पीटा।

पुलिस सुरक्षा के बीच भी रोकने का प्रयास

पीड़ित मनीराम लोधी का यह भी कहना है कि जब पुलिस सुरक्षा में उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर ले जा रही थी, तब भी हमलावर मंगल सिंह और उसके साथियों ने पुलिस की गाड़ी को रोकने की कोशिश की थी।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उनका मेडिकल और एक्स-रे कराया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मेडिकल रिपोर्ट हाथ आते ही आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।