गुना रोड पर हुआ हादसा
अशोकनगर के गुना रोड पर बरखेड़ी इलाके में जिला न्यायालय के समीप रविवार शाम एक अज्ञात वाहन ने बछड़े को टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में बछड़े के पिछले दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिसके कारण वह खड़े होने में भी असमर्थ था।
चिकित्सक के न पहुंचने पर भड़के लोग
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए नागरिकों ने सड़क पर वाहन खड़े करके दोनों तरफ का आवागमन ठप कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घटना के तुरंत बाद पशु चिकित्सालय के डॉक्टर को फोन किया गया था, लेकिन कोई भी इलाज के लिए मौके पर नहीं पहुंचा।
पुलिस ने संभाली स्थिति और गौशाला भेजा बछड़ा
हंगामे और जाम की सूचना मिलते ही अशोकनगर कोतवाली थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसी दौरान वहां से अपनी पिकअप गाड़ी लेकर गुजर रहे संतोष कुशवाह ने घायल बछड़े को गौशाला ले जाने की जिम्मेदारी उठाई।
पुलिस बल और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से घायल बछड़े को सावधानीपूर्वक पिकअप वाहन में लिटाया गया और उसे सुरक्षित गौशाला भिजवाया गया। बछड़े को वाहन में शिफ्ट करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटा दिया, जिससे सड़क पर फंसे वाहनों की आवाजाही पुनः सामान्य हो गई।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!