दोपहर में शुरू हुई झमाझम बारिश
अशोकनगर के बंगलाचौराहा क्षेत्र में रविवार को आखिरकार मानसून मेहरबान हुआ और दोपहर एक बजे से झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। करीब दो घंटे से अधिक समय तक लगातार हुई इस बारिश ने पूरे इलाके को तर-बतर कर दिया। पिछले पंद्रह दिनों से बादलों की आवाजाही के बीच बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह राहत भरा दिन रहा।
धान की फसल और रोपाई के लिए वरदान
लंबे समय से बारिश न होने के कारण धान की फसल और रोपाई का काम करने वाले अन्नदाता खासे चिंतित थे। पानी के अभाव में रोपाई का काम प्रभावित हो रहा था। रविवार को हुई तेज मानसूनी बारिश से खेतों में पानी भर गया है, जिससे अब धान की रोपाई का कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा। किसानों ने इस मानसूनी बौछार को फसलों के लिए अमृत के समान बताया है।
जलसरोतों में बढ़ेगा जलस्तर
इस अच्छी बारिश का सकारात्मक असर जिले के प्रमुख जलसरोतों पर भी पड़ेगा। लंबे समय से सूखा झेल रहे कोंचा बांध और मौला बांधा में पानी की आवक शुरू होने की उम्मीद है। जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र के तालाब भी रिचार्ज होंगे, जिससे आगामी दिनों में सिंचाई और पेयजल से जुड़ी समस्याओं से निजात मिलने की संभावना बन गई है।
सड़कों पर भरा पानी, आवागमन प्रभावित
एक ओर जहां इस बारिश से कृषि क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है, वहीं दूसरी ओर तेज बहाव के कारण नेशनल हाईवे और ग्रामीण आंतरिक मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाने के कारण वाहन चालकों को पानी को चीरकर आगे बढ़ना पड़ा। पखवाड़े भर बाद बरसे बादलों ने सूखे की आशंका को फिलहाल टाल दिया है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!