अशोकनगर में स्कूल के मर्जर का विरोध

शहर के शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 को शंकरपुर टोरिया स्थित सीएम राइज सांदीपनि विद्यालय में शिफ्ट किए जाने के निर्णय के विरोध में मंगलवार को विद्यार्थियों ने मोर्चा खोल दिया। तुलसी सरोवर कॉलोनी स्थित इस स्कूल में पढ़ने वाले डेढ़ सौ से अधिक बच्चे और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और मुख्य द्वार के बाहर बैठकर नाराजगी जाहिर की।

सात किलोमीटर की दूरी और सुरक्षा पर सवाल

प्रदर्शन कर रहे बच्चों और परिजनों का तर्क था कि नए स्कूल की दूरी करीब सात किलोमीटर है, जिससे रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पालकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गहरी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि इतनी दूर रोजाना जाने से बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य दोनों पर विपरीत असर पड़ सकता है।

हंगामे की सूचना मिलने पर तहसीलदार आलोक श्रीवास्तव और जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) राहुल शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चों और उनके परिजनों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानीं। शुरुआती दौर में छात्र और उनके अभिभावक अधिकारियों के समझाने से संतुष्ट नजर नहीं आए और कलेक्ट्रेट गेट पर डटे रहे। बाद में कुछ पालकों को प्रतिनिधिमंडल के रूप में कलेक्टर से मुलाकात के लिए अंदर ले जाया गया।

प्रशासन ने दी बस सुविधा की गारंटी

अधिकारियों ने छात्रों और पालकों को आश्वासन दिया कि उनकी सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को घर से स्कूल लाने और छुट्टी के बाद वापस छोड़ने के लिए विशेष बस की व्यवस्था की जाएगी। बस का टेंडर होने और परिवहन सुविधा सुनिश्चित होने के बाद ही स्कूल को स्थानांतरित किया जाएगा, तब तक पढ़ाई पुराने स्थान पर ही जारी रहेगी।

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान एआईडीएसओ संगठन के पदाधिकारी भी छात्रों के समर्थन में उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उनसे चर्चा के दौरान स्पष्ट किया कि प्राथमिक बातचीत बच्चों और उनके परिजनों से ही की जाएगी। प्रशासन ने सांदीपनि विद्यालय में मिलने वाली आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं और बेहतर माहौल का हवाला देते हुए पालकों को शांत कराया।