अशोकनगर में स्थानीय प्राथमिक शाला के बच्चों द्वारा एक अनूठा और हैरान करने वाला विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। जिला मुख्यालय पर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में छोटे-छोटे स्कूली बच्चे अपनी यूनीफॉर्म पहने हुए अचानक पहुंच गए।

सीएम राइज स्कूल में मर्ज किए जाने का विरोध

इन बच्चों के इस विरोध का मुख्य कारण उनके विद्यालय को सीएम राइज स्कूल में मर्ज किया जाना है। प्रदर्शन में शामिल मासूम विद्यार्थियों का कहना था कि नया स्कूल उनके घर से लगभग सात किलोमीटर दूर स्थित है, जिससे उन्हें आने-जाने में भारी परेशानी होगी।

स्कूल समय के दौरान ऑटो में भरकर पहुंचे छात्र

यह पूरी घटना स्कूल के समय के दौरान सामने आई। स्कूल बचाओ संघर्ष समिति के माध्यम से इन विद्यार्थियों को ऑटो रिक्शा में बैठाकर प्रदर्शन स्थल यानी कलेक्ट्रेट लाया गया था।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे बच्चों को भरकर लाने वाले ये ऑटो काफी ओवरलोड थे। सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर बच्चे ऑटो की पिछली सीटों के साथ-साथ पायदान के पास भी खतरनाक तरीके से बैठे नजर आए।

कलेक्ट्रेट परिसर में लट्टू चलाते दिखे बच्चे

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान बच्चों का अलग ही अंदाज देखने को मिला। अपनी मांगों को लेकर पहुंचे ये मासूम प्रशासनिक भवन के पास लट्टू चलाते और जमीन पर गुलटाई खाते हुए भी दिखाई दिए।

लंच टाइम से लेकर दोपहर करीब 3:50 बजे तक ये छात्र अपने विद्यालय की कक्षाओं से गायब रहे और विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बने रहे।