मेस के खाने में मिला कीड़ा

अशोकनगर जिले के टोरिया क्षेत्र में बने सरकारी हॉस्टल के विद्यार्थियों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। मेस के खाने में कीड़ा मिलने की घटना के बाद छात्र सीधे कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं रखीं।

अधपका भोजन और लेट लतीफी के आरोप

छात्रों का कहना है कि हॉस्टल की मेस में पिछले लंबे समय से बेहद खराब स्तर का खाना परोसा जा रहा है। भोजन अक्सर अधपका होता है, जिससे वहां रहने वाले विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। 10 अगस्त को परोसे गए खाने में कीड़ा निकलने के बाद छात्रों का सब्र टूट गया।

विद्यार्थियों ने यह भी बताया कि उन्हें तय समय पर भोजन नहीं मिलता है। मेस स्टाफ द्वारा काफी देर से खाना परोसा जाता है, जिसके कारण उनकी रोजाना की पढ़ाई और दिनचर्या भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप

शिकायत दर्ज कराते हुए छात्रों ने हॉस्टल स्टाफ पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि विरोध करने पर उन्हें धमकाया जाता है और सही जवाब नहीं दिया जाता।

छात्रों ने आरोप लगाया कि उनके छात्रावास में हर विद्यार्थी से दो-दो हजार रुपए की रसीद काटी गई है। जब इस राशि के बारे में पूछताछ की गई, तो बताया गया कि यह पैसे सामान के नुकसान की भरपाई के लिए लिए जा रहे हैं।

इन तमाम समस्याओं से परेशान होकर छात्रों ने छात्रावास अधीक्षक की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।