बंगला चौराहे पर सजा साप्ताहिक हाट बाजार
अशोकनगर कस्बे में मंगलवार का दिन साप्ताहिक हाट बाजार के लिए तय रहता है। आगामी 28 अगस्त को आने वाले रक्षाबंधन के त्योहार के मद्देनजर इस बार के हाट में विशेष रौनक और भारी भीड़ दर्ज की गई।
बहनों ने की भाइयों की कलाई के लिए खरीदारी
बाजार में सबसे ज्यादा मौजूदगी महिलाओं और युवतियों की देखने को मिली। दूर-दराज से आईं बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर सजाने के लिए उनकी पसंद की राखियां चुनीं और त्योहार से जुड़े अन्य पूजन सामग्री की भी खरीदारी की।
इस साप्ताहिक बाजार में सिर्फ कस्बे के ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इकोदिया, बरखेड़ा जमाल, ओंडेर, गुपलिया, जसैया, टीटोर और नेहकाई समेत दर्जनों गांवों से हजारों ग्रामीण हाट में शामिल होने आए।
ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे हजारों लोग
बगबा, हांसली, दमदमा, मोलाडेम, अतरेजी, गीलारोपा, प्यासी, रिपटा चक्क और कलुआ चक्क जैसे ग्रामीण इलाकों के लोगों ने भी रक्षाबंधन के पर्व को ध्यान में रखते हुए अपने घरों की जरूरत का सामान खरीदा, जिससे बाजार में पूरे दिन खरीदारों का तांता लगा रहा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!