फुटेरा गांव की घटना

अशोकनगर जिले के फुटेरा गांव में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां जहरीले सांप के डसने से 40 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। घटना के दौरान परिजनों की लापरवाही और अंधविश्वास के चलते समय पर चिकित्सीय सहायता नहीं मिल सकी।

सोते वक्त घुटने में डसा जहरीला सांप

मृतक की पहचान फुटेरा गांव निवासी 40 वर्षीय भरोसा अहिरवार, पुत्र घसीटाराम अहिरवार के रूप में हुई है। यह घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की है, जब भरोसा अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान एक जहरीला सांप उनके पास आया और घुटने में डस लिया।

अस्पताल के बजाय उलझे रहे झाड़-फूंक में

जैसे ही परिजनों को सर्पदंश की जानकारी मिली, उन्होंने समझदारी दिखाने के बजाय स्थानीय स्तर पर झाड़-फूंक का रास्ता चुना। वे पीड़ित को तुरंत अस्पताल ले जाने की बजाय तांत्रिक क्रियाओं और ओझा के चक्कर में कीमती वक्त गंवाते रहे।

जब काफी समय बीत जाने के बाद भी भरोसे की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और जहर पूरे शरीर में फैलने से स्थिति गंभीर हो गई, तब जाकर परिजनों की नींद टूटी। घटना के करीब दो घंटे बाद रात 11 बजे उन्हें जिला चिकित्सालय लाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद भरोसा अहिरवार को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शुक्रवार सुबह पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।