राष्ट्रीय खेल दिवस पर विशेष आयोजन

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में अशोकनगर के शासकीय महाविद्यालय में एक खास कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना और माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का नाम 'खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात पीएम के साथ' रखा गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे वर्चुअल संवाद

इस भव्य आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संवाद रहेगा, जिसके माध्यम से वे सीधे कॉलेज के विद्यार्थियों से जुड़ेंगे। कार्यक्रम के प्रभारियों के अनुसार, इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलकूद, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाना है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अतुल गुप्ता, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अंजू सिहारे और माय भारत की प्रतिनिधि श्रेया कदेला ने बताया कि छात्र प्रधानमंत्री का राष्ट्रीय प्रसारण लाइव सुनेंगे। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और खेल जगत की जानी-मानी हस्तियां विद्यार्थियों के साथ चर्चा करेंगी।

माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण और सुझाव

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों को 'माय भारत पोर्टल' पर अपना रजिस्ट्रेशन कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। युवा इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के सजेशन बॉक्स के जरिए अपने नए विचार, खेल संबंधी सुझाव और भविष्य की आकांक्षाएं सीधे साझा कर सकेंगे।

इसके अलावा, कार्यक्रम में 'विक विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027' क्विज के बारे में भी युवाओं को विस्तार से जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि यह पहल स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्र विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मददगार साबित होगी।